छत्तीसगढ़ के सरगुजा स्थित पर्यटन स्थल मैनपाट में युवकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक दूसरे युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि विवाद के दौरान उसे खाई में धकेलने की कोशिश भी की गई। हालांकि युवक किसी तरह बचने में सफल रहा। घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर सामने आए अन्य वीडियो में कुछ बाइकर्स सड़क पर हंगामा करते नजर आए। इन मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मैनपाट में तेज रफ्तार बाइक चलाने और हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। बाइकर्स के शोर-शराबे से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर उत्पात और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मैनपाट में पुलिस अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर नजर रख रही है।
Source: Source