सोनीपत के खरखौदा में उधार के पैसे वापस मांगना एक युवक के लिए मुसीबत का सबब बन गया। खेत में बातचीत के दौरान पैसे मांगने पर आरोपियों ने युवक को बेरहमी से पीटा और कांच की बोतल से हमला कर घायल कर दिया। हमला यहीं नहीं रुका, आरोपी पीड़ित का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचे और दोबारा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित गौरव के अनुसार, आरोपियों ने उसे सिर और पेट पर चोटें पहुंचाई हैं। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में तीन जगह चोटों की पुष्टि हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन धमकी देते रहे। गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना का विस्तार से विवरण दिया है। खरखौदा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
Source: Source