हरियाणा के हिसार में नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक हरियाणा रोडवेज की बस की तलाशी के दौरान पुलिस ने 31 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त और चूरा पोस्त बरामद किया है। नशीला पदार्थ बस की सीटों के नीचे चार लावारिस बैगों में छिपाकर रखा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरवाला के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में बैगों की जांच की, जिसमें मादक पदार्थों की पुष्टि हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज, यात्रा रूट और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी की गई है। तस्करों की पहचान करने और उनके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
Source: Source