बहादुरगढ़ की दीनबंधु सर छोटूराम धर्मशाला में आयोजित ‘भाईचारा स्नेह मिलन समारोह’ में हरियाणा की 36 बिरादरी के लोगों ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने स्पष्ट किया कि यह मंच पूरी तरह सामाजिक है और इसका राजनीति से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज की मजबूती ही राष्ट्र की नींव है और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाईचारे व सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना अनिवार्य है। कैप्टन अभिमन्यु ने समाज को बांटने वाली शक्तियों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यदि समाज संगठित रहेगा, तभी वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। इस समारोह में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, नगर परिषद व जिला परिषद के चेयरमैन और विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।
Source: Source