पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में एक मजदूर परिवार की किस्मत महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट से चमक गई। परिवार ने सिक्किम सरकार की लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम जीता है। यह टिकट मजदूर की पत्नी बिमला देवी ने रेलवे रोड पर खरीदारी के दौरान खरीदी थी। उन्होंने एक दिन पहले रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टार लॉटरी स्टाल से टिकट ली थी। अगले दिन शाम को लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ तो परिवार को एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने की जानकारी मिली। दुकानदार से खुशखबरी मिलने के बाद परिवार के सदस्य लॉटरी स्टाल पहुंचे। इस उपलब्धि पर स्टाल संचालक नरेश मोंगा ने परिवार का मुंह मीठा कराया और भांगड़ा डालकर खुशी जताई। बिमला देवी ने बताया कि इस इनाम से परिवार की आर्थिक परेशानियां कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की बेहतर परवरिश करने में भी सहूलियत होगी। हालांकि, परिवार ने अभी तक इनाम की रकम के इस्तेमाल को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है। लॉटरी स्टाल संचालक नरेश मोंगा के मुताबिक, वह पिछले छह महीनों से यह कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान से पहले भी लाखों रुपये के कई इनाम निकल चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये का इनाम पहली बार निकला है।
Source: Source