जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक (CTI) हेमंत शर्मा ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की। उन्होंने ट्रेन में सफर करने आई एक महिला यात्री का खोया हुआ लैपटॉप बैग खोजकर सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। यह घटना 22 अक्टूबर 2026 को अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान हुई। ट्रेन संख्या 22488 के रवाना होने के बाद महिला को एहसास हुआ कि उनका लैपटॉप बैग स्टेशन पर ही छूट गया है। बैग में 1 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक पर्स, लैपटॉप और कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला ने अपने परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिजन तुरंत जालंधर कैंट स्टेशन पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात CTI हेमंत शर्मा को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हेमंत शर्मा ने स्टेशन परिसर में बैग की तलाश शुरू की। उनकी मुस्तैदी से बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद नियमानुसार बैग में मौजूद सामान और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। सत्यापन पूरा होने पर बैग महिला यात्री के परिजनों को सौंप दिया गया। कीमती सामान और नकदी वापस मिलने से महिला और उनके परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी और सहयोग की सराहना की। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने भी हेमंत शर्मा के काम की प्रशंसा की। उन्होंने इसे रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और यात्रियों के प्रति सेवा भावना का उदाहरण बताया।
Source: Source