रामानुजनगर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सरपंच परबतिया सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में रामभरोसे सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानपाठक के.के. यादव ने की। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, लड्डू खिलाकर और पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर छात्रों को शासन की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। प्रधानपाठक ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि ने छात्रों को अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष जोर देने की बात कही गई। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक योगेश साहू ने किया और आभार प्रदर्शन रघुनाथ जायसवाल द्वारा किया गया। अंत में शिक्षकों और ग्रामीणों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Source: Source