बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में माई भारत बैकुंठपुर द्वारा बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए.एल. गुप्ता और विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवेश जायसवाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इससे देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहन मिला। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। छात्राओं के बीच पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया। जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्यिक विरासत के साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। अंत में आयोजन का संचालन और आभार प्रदर्शन राजीव साहू द्वारा किया गया।
Source: Source