बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा हायर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में छात्रों को साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और संदिग्ध लिंक साझा न करने की सलाह दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, यौन अपराध, शिकायत प्रक्रिया और गोपनीयता के अधिकार के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि शिकायत करने वाले बच्चों की पहचान सुरक्षित रखी जाएगी। यातायात नियमों के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित आयु के बाद ही वाहन चलाने का महत्व बताया गया। तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के खतरों से भी अवगत कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ठगी और चोरी करने वाले गिरोहों के तरीकों की जानकारी भी छात्रों को दी गई। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचने का संदेश भी दिया गया। पुलिस ने छात्रों से कहा कि वे यह जानकारी अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
Source: Source