ग्यासपुरा के शांति विहार इलाके से एक 17 वर्षीय युवती लापता हो गई है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस चौकी ग्यासपुरा में दर्ज शिकायत के अनुसार प्राची (17) अपनी मां किरण रानी के साथ घर के नजदीक स्थित एक फैक्ट्री में जाती थी, जहां उसकी मां काम करती है। युवती के पिता लाल बहादुर ने बताया कि वह, उनकी पत्नी तथा उनका छोटा बेटा भी नजदीक की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। परिजनों के अनुसार 23 जून को सुबह करीब 10 बज कर 05 मिनट पर प्राची ने अपनी मां से 10 रुपए लिए और चिप्स खरीदने की बात कहकर फैक्ट्री से बाहर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।लाल बहादुर ने बताया कि उन्हें किसी भी व्यक्ति पर किसी प्रकार का कोई शक नहीं है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से उनकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढकर सकुशल घर पहुंचाने की गुहार लगाई है। जांच कर रहे एएसआई दीप चंद ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। एक फुटेज में युवती अकेले जाती हुई दिखाई दी है। इसके अलावा अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि उसके बारे में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Source: Source