छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने दंतेवाड़ा जिले से प्रदेश में मानसून के प्रवेश की पुष्टि की है। मानसून के आगमन के साथ ही बस्तर संभाग के कई जिलों में तेज बारिश शुरू हो गई है। दंतेवाड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं राजधानी रायपुर में भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 12 बजे के बाद शहर में तेज बारिश शुरू हुई। लगभग एक घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सड़कों पर पानी भरने और यातायात की रफ्तार धीमी होने की भी खबरें सामने आईं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। किसानों के लिए मानसून का आगमन राहतभरी खबर माना जा रहा है। इससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है।
Source: Source