रायपुर के कलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायतों के आधार पर शास्त्री मार्केट में नापतौल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अचानक छापेमारी कर थोक सब्जी और फल विक्रेताओं के इलेक्ट्रॉनिक तराजुओं की जांच की। जांच के दौरान छह दुकानदारों के तराजुओं में तकनीकी खामियां और सत्यापन का अभाव पाया गया। इन दुकानदारों पर विभाग ने कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के सख्त निर्देशों के बाद अमल में लाई गई। जिन व्यापारियों के उपकरणों का सत्यापन नहीं हुआ था, उन्हें भविष्य के लिए नोटिस भी थमाया गया है। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को अपने माप-तोल उपकरणों का समय पर वेरिफिकेशन कराने की हिदायत दी है। नापतौल विभाग का कहना है कि ग्राहकों को सही वजन मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस छापेमारी में सहायक नियंत्रक आर.एस. सोरी और निरीक्षकों की टीम शामिल थी। बाजार में इस अचानक हुई कार्रवाई से अनियमितता बरतने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Source: Source