राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा में आयोजित सूर्यसभा में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और गांव को शत-प्रतिशत सोलर गांव बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरगा ने जल संरक्षण, स्वच्छता और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे क्षेत्रों में पहले ही उल्लेखनीय कार्य किया है। अब यह गांव ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिले में अब तक लगभग 3500 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल शून्य हो गए हैं या 80 प्रतिशत तक कम हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सोलर पैनल लगाने के बाद उनके मासिक बिजली खर्च में भारी कमी आई है। कुछ मामलों में उपभोक्ता अब बिजली उत्पादक भी बन गए हैं और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा रही है। योजना के तहत एक किलोवाट से तीन किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर केंद्र और राज्य सरकार मिलाकर 45 हजार से 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र की लागत तीन से चार वर्षों में वसूल हो जाती है। इसके बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने की सुविधा भी उपलब्ध है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
Source: Source