सीआईए स्टाफ ने दो युवकों को दो अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार और अरुण कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक फिलहाल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों युवक मुंडियां कलां के पास हथियारों के साथ मौजूद हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन आरोपियों की बिल्ला गैंग से पुरानी रंजिश चल रही थी। गैंग द्वारा लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उन्होंने सुरक्षा के लिए हथियार खरीदे थे। आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के तस्कर पप्पू शेरपुर के जरिए ये अवैध हथियार मंगवाए थे। हथियारों की डिलीवरी उनके घर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने दी थी। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तस्करों की तलाश जारी है।
Source: Source