लुधियाना के थाना सदर इलाके में गिल नहर पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्यासपुरा निवासी हरविंदर सिंह ने बताया कि वे अपनी माता करमजीत कौर के साथ ऑटो से उतरकर पुल पार कर रहे थे। तभी मलेरकोटला की तरफ से आए एक अनियंत्रित कैंटर ने उनकी माता को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला की दाहिनी टांग बुरी तरह टूट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी कैंटर चालक को तुरंत काबू कर लिया। चालक की पहचान जम्मू-कश्मीर के गांव नड्ड निवासी सोहन सिंह के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला संभल नहीं पाई और सड़क पर गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। थाना सदर पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक को पुलिस हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर काफी रोष है।
Source: Source