लुधियाना के गांव काकोवाल स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में अस्पताल को अपना निशाना बनाया। केंद्र में लगे तीन एयर कंडीशनर के कीमती तांबे के पाइप और बिजली के तार काटकर चुरा लिए गए। केंद्र में तैनात मेडिकल अफसर डॉ. प्रीतपाल सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि 15 जून की शाम क्लिनिक बंद करके गए थे और अगले दिन सुबह जब वापस आए तो चोरी का पता चला। सुबह 8 बजे क्लिनिक खोलने पर देखा कि तीनों एसी के बाहरी हिस्से से तार और पाइप गायब थे। डॉक्टर की शिकायत पर थाना जोधेवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश कर रही है। सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र को निशाना बनाए जाने से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
Source: Source