केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर जिले में 18 से 20 जून तक राजस्व अनुभाग स्तर पर वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर इन तीन दिवसीय शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। साथ ही पंजीयन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं के लिए नए पंजीकरण, त्रुटि सुधार और लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। तिल्दा-नेवरा, आरंग, धरसींवा और अभनपुर विकासखंडों में अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Source: Source