छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है, हालांकि मौसम विभाग ने अब जल्द ही इसके प्रवेश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, पूर्वी बिहार से लेकर दक्षिण छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले सरगुजा में मानसून की संभावित तारीख 15 जून तय की गई थी, लेकिन अनुकूल परिस्थितियां न बनने के कारण इसकी एंट्री समय पर नहीं हो सकी। अब अनुमान है कि अगले दो दिनों में मानसून दक्षिण बस्तर के रास्ते राज्य में प्रवेश कर सकता है, जबकि सरगुजा क्षेत्र में यह 22 जून तक पहुंचने की संभावना है। अंबिकापुर और आसपास के इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिससे मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है और उमस के बीच गर्मी बनी हुई है। सूरजपुर में सबसे अधिक 45 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जशपुर और बलरामपुर में भी हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन मानसून के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल हो रही हैं।
Source: Source