अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर मेंड्राकला के पास एक भीषण सड़क हादसे में पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गया। इस दुर्घटना में 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला प्रापदी राजवाड़े की मौत हो गई। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है। सभी श्रद्धालु उदयपुर स्थित रामगढ़ दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में कई घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतका का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने फिर से सड़क सुरक्षा और मालवाहक वाहनों में यात्रियों की ढुलाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के बावजूद इस तरह की लापरवाही से लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Source: Source