अंबिकापुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुरियर ब्वॉय की तरह स्कूटी से नशीले इंजेक्शनों की होम डिलीवरी कर रहा था। जांच के दौरान उसके बैग से करीब 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान वाहिद अंसारी के रूप में हुई है, जिसे गांधीनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आबकारी उड़नदस्ता टीम ने गश्त के दौरान सरना मैदान में संदिग्ध हालत में उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं मिलीं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह रेक्सोजेसिक और एविल इंजेक्शनों की सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे विशेष न्यायाधीश (नार्कोटिक्स) की अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।
Source: Source