हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी के कैचमेंट क्षेत्र में बर्फ पिघलने और बारिश के कारण पंडोह बांध से लगभग 4000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार पानी छोड़े जाने से नदी के निचले इलाकों में जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारों और नदी तल में जाने से बचने की सलाह दी है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फोटो या सेल्फी के लिए नदी के पास न जाने की चेतावनी दी गई है। नदी किनारे काम कर रहे ठेकेदारों और श्रमिकों को अपनी मशीनरी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। बीबीएमबी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चेतावनी जारी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि जलस्तर में अचानक वृद्धि से खतरा पैदा हो सकता है। प्रशासन ने सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
Source: Source