करनाल के असंध क्षेत्र में जींद रोड स्थित एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं और तीन ग्राहकों को मौके से हिरासत में लिया गया। जांच में होटल संचालक और प्रबंधकों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के कमरों में ग्राहकों को बुलाकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके बाद सर्च वारंट प्राप्त कर विशेष टीम गठित की गई। एक व्यक्ति को बोगस ग्राहक बनाकर होटल भेजा गया, जिसने निर्धारित राशि ऑनलाइन भुगतान की। संकेत मिलने के बाद पुलिस ने होटल पर छापा मारा। तलाशी के दौरान विभिन्न कमरों से महिलाएं और ग्राहक मिले। रिसेप्शन से विजिटर रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि ग्राहकों से तय राशि ली जाती थी और उसका हिस्सा होटल प्रबंधन रखता था। पुलिस ने होटल मालिक, प्रबंधकों और कुछ ग्राहकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
Source: Source