पंजाब के अमृतसर स्थित जंडियाला गुरु के अंतर्गत आने वाले गांव जबोवाल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मनीन्द्र सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है, जो विवाहित था और उसकी पांच महीने की एक मासूम बेटी है। जानकारी के अनुसार, मनीन्द्र सिंह रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बढ़ाकर घर की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह अपने घर के नजदीक पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवक को निशाना बनाते हुए करीब 7 से 8 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की। इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में 3 से 4 गोलियां सीधे मनीन्द्र सिंह की पीठ में जा लगीं। गंभीर रूप से घायल होकर वह खून से लथपथ हालत में मौके पर ही गिर पड़ा। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। घायल मनीन्द्र को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source