शिरोमणि अकाली दल के उपाध्यक्ष और फरीदकोट के हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को कनाडा में प्रवेश से रोक दिया गया है। टोरंटो एयरपोर्ट पर कनाडाई अधिकारियों ने उन्हें प्रवेश देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें भारत लौटना पड़ा। रोमाणा के अनुसार, उनके खिलाफ कनाडाई अधिकारियों को एक शिकायत मिली थी, जिसमें उनके खिलाफ पंजाब में दर्ज विभिन्न राजनीतिक प्रदर्शनों और सीएम आवास घेराव जैसे मामलों का हवाला दिया गया था। साथ ही, उन पर कनाडा में राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप लगाया गया। बंटी रोमाणा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पंजाब की ‘आप’ सरकार की साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी भारतीयों के बीच अकाली दल की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर यह कार्रवाई राजनीतिक विरोधियों को दबाने के उद्देश्य से की गई है।
Source: Source