हरियाणा के सिरसा में ट्रक से 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम बरामद होने के मामले में आरोपी ड्राइवर को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और उसकी भूमिका की जांच करेगी। जांच के दौरान संबंधित थानों से आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर काफी शातिर तरीके से इस तस्करी में शामिल था और ट्रक को विशेष रूप से तैयार कर उसमें सीक्रेट बॉक्स बनाया गया था। यह ट्रक पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से राजस्थान के जोधपुर की ओर जा रहा था, जिसे सिरसा के पास पकड़ लिया गया। ट्रक में करीब 89 किलो अफीम छिपाकर लाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक मालिक ने इस तस्करी की साजिश रची थी और ड्राइवर को इसके लिए 60 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस अब ट्रक मालिक और उसके नेटवर्क की तलाश में जुटी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार यह हरियाणा में अब तक की सबसे बड़ी अफीम बरामदगी में से एक है। मामले की जांच जारी है और कई अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
Source: Source