छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में पुलिस ने इंटर-स्टेट चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोना-चांदी बरामद किया है। बरामद सामान में करीब 38 तोला सोना शामिल है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा लगभग डेढ़ किलो चांदी के गहने भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो, दो बाइक और एक आईफोन भी बरामद किया है। आरोपियों के पास से ताले और तिजोरी तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण भी मिले हैं। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज की थी। तकनीकी और साइबर जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। इस कार्रवाई में मरवाही, पेंड्रा, कोटमी और सिवनी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमेश्वर गोस्वामी, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पांडेय, विशाल जादव और शरद काटकर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जीपीएम जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह से जुड़े कुल 7 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें कोतमी, मरवाही और अनूपपुर के जैतहरी क्षेत्र के मामले शामिल हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source: Source