दुर्ग नगर निगम के वार्ड क्रमांक 58 स्थित उरला के आईएचडीपी आवास में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र के करीब 100 परिवार पिछले एक महीने से पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। परेशान रहवासियों ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वार्डवासियों ने जल कार्य समिति प्रभारी पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। रहवासियों का कहना है कि उनके घरों में लंबे समय से नल का पानी नहीं आ रहा है। वर्तमान में पूरा क्षेत्र टैंकरों के भरोसे है, लेकिन एक टैंकर से जरूरत पूरी नहीं हो पा रही। लोगों ने सुबह और शाम नियमित रूप से टैंकर भेजने की मांग की है। ज्ञापन में बंद पड़े बोरवेल की सफाई कर मोटर पंप लगाने की मांग भी उठाई गई है। रहवासियों का कहना है कि इससे पेयजल संकट काफी हद तक दूर हो सकता है। क्षेत्र में नाली निर्माण और सफाई की मांग भी की गई है। दूसरी ओर, जल कार्य समिति प्रभारी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार वैकल्पिक जल व्यवस्था की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टैंकर भी भेजे जा रहे हैं। अब प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
Source: Source