उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के एक आरोपी को पकड़ने पहुंची रायपुर पुलिस टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 53 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, रायपुर पुलिस एक वारंट के आधार पर आरोपी शिवम केशरवानी और अन्य की तलाश में कौशांबी पहुंची थी। टीम ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद दूसरे आरोपी के घर के पास ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस को चोर बताकर हमला किया और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में घायल पुलिसकर्मी को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर प्रयागराज रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Source: Source