पंचकूला जिले के कालका में देवीदास रोड पर रविवार तड़के तीन युवकों ने घरों के बाहर खड़ी कई गाड़ियों को निशाना बनाया। वार्ड नंबर 31 में हुई इस घटना में करीब 9 वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना सुबह लगभग 3 बजे हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग बाहर आए और उन्होंने युवकों को नुकसान पहुंचाते देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में तीनों युवकों को वाहनों को नुकसान पहुंचाते हुए देखा गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों में बलेनो, स्विफ्ट, हैरियर, वैन और इंडिका सहित कई गाड़ियां शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्व अक्सर सक्रिय रहते हैं। निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने मामले की जांच जारी होने की पुष्टि की है।
Source: Source