राजिम साहू समाज की प्रतिष्ठित संस्था राजिम भक्तिन माता समिति की वार्षिक आमसभा साहू छात्रावास परिसर में आयोजित की गई। बैठक में समिति के संरक्षक, पदाधिकारी, विशेष आमंत्रित सदस्य और विभिन्न जिलों के समाज प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। समिति अध्यक्ष लाला साहू ने वर्ष 2025-26 की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपस्थित सदस्यों ने रिपोर्ट का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया। राजिम कुंभ मेले में आयोजित भक्तिन माता भोग भंडारा की आय-व्यय जानकारी भी साझा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति का अगला चुनाव 31 जुलाई 2026 से पहले संपन्न कराया जाएगा। कृषि वैज्ञानिक डॉ. नारायण साहू को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। रविशंकर साहू और नूतन साहू को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। सेवानिवृत्त टीआई बोधन साहू को निर्वाचन पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सात सदस्यीय निर्वाचन समिति के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया। निर्वाचन कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा आगामी दिनों में की जाएगी। बैठक में समिति के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने राजिम भक्तिन माता की गौरवगाथा के प्रचार-प्रसार और सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। राजिम भक्तिन माता चौक के निर्माण और राजिम कुंभ में वर्षों से चल रहे नि:शुल्क भंडारे को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। समाज सेवा, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती के लिए समिति के योगदान की प्रशंसा करते हुए आमसभा का समापन किया गया।
Source: Source