कुरुक्षेत्र के पिहोवा में नेशनल हाईवे 152D पर गंगहेड़ी कट के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला रजनी की कुचलकर मौत हो गई। रजनी अपने पति शंभू के साथ बाइक पर सवार थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद महिला का पति शंभू अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जबकि ट्रक ड्राइवर भी वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई बाइक के नंबर के आधार पर छानबीन की और कैथल जिले के देबन गांव तक पहुंचकर पीड़िता की पहचान की। रजनी मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थी और पिछले 18 वर्षों से देबन गांव में रह रही थी। इस्माइलाबाद पुलिस ने बाड़मेर (राजस्थान) निवासी ट्रक ड्राइवर चिमना राम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार पति और आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है।
Source: Source