हरियाणा के सिरसा शहर में चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ (SHO) के साथ बदतमीजी और हाथापाई करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाबा भूमण शाह चौक से किसान चौक रोड पर ताऊ देवीलाल पार्क के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़कों को सड़क पर खुलेआम पटाखे बजाते हुए पुलिस ने देख लिया। जब ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर दोनों लड़के उलझ गए और चालान से बचने के लिए पुलिस के साथ हाथापाई और बदतमीजी करने लगे। पकड़े जाने पर पता चला कि बुलेट चालक लड़का नाबालिग है और वह एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी का पोता है। दोनों के पास गाड़ी के कोई वैध दस्तावेज या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं थे। विवाद बढ़ता देख नाबालिग लड़के ने अपने दादा को फोन कर मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में पहुंचे रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने अपने पोते की गंभीर गलती पर ट्रैफिक एसएचओ शैलेंद्र सिंह के सामने हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसा न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने बुलेट का 40 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान काट दिया और चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया। ट्रैफिक एसएचओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में बुलेट से पटाखे बजाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत पुलिस ने इस दौरान तीन अन्य बुलेट मोटरसाइकिलों के भी चालान काटे, जिनमें से दो को इंपाउंड (जब्त) कर लिया गया। अन्य बुलेट चालकों पर क्रमशः 22 हजार और 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
Source: Source