हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन (संबंधित सर्व कर्मचारी संघ) की आईबी निगाना सिविल ब्रांच की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सांगवान पंप हाउस निगाना फीडर पर आयोजित की गई। ब्रांच प्रधान जगदीप फौगाट की अध्यक्षता और सचिव प्रीतम बापोड़ा के मंच संचालन में हुई इस बैठक में सरकार और विभाग के अड़ियल रवैये को लेकर कर्मचारियों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। जिला सचिव सोमबीर पालुवास और जिला उप प्रधान रामशरण खुंडिया ने आगामी आंदोलन का शंखनाद करते हुए बताया कि 24 नवंबर 2025 को चंडीगढ़ में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी व उच्च अधिकारियों के साथ यूनियन की राज्य कमेटी की सौहार्दपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में कर्मचारियों की कई जायज मांगों और गंभीर समस्याओं पर सहमति बनी थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर एक भी मांग को लागू नहीं किया गया, जो कर्मचारियों के साथ सीधा विश्वासघात है। इसके विरोध में यूनियन ने सर्वसम्मति से चरणबद्ध आंदोलन का प्रस्ताव पास किया है। तय रणनीति के अनुसार, 15 और 16 जून को भिवानी जिले के सभी डीडीओ और एक्सईएन कार्यालयों के माध्यम से इंजीनियर-इन-चीफ के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद, वादे याद दिलाने के लिए 4 जुलाई को भिवानी में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का पूर्ण रूप से घेराव किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में, 18 जुलाई को पब्लिक हेल्थ एवं बीएंडआर विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार स्थित आवास का घेराव करने का बड़ा ऐलान किया गया है। इस बैठक में आईबी जुई सिविल ब्रांच के सचिव जोगेंद्र मास्टर समेत प्रवीण, गोपीराम, सोनू, संदीप, दीपक और अरुण जैसे कई कर्मचारी नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Source: Source