हिमाचल प्रदेश और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए अंब-अंदौरा से कोलकाता के लिए गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। ऊना जिले के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। यह ट्रेन क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है। ट्रेन संख्या 12326 प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे अंब-अंदौरा से रवाना होगी और रविवार दोपहर 2:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहीं 12325 गुरुवार को कोलकाता से चलकर शुक्रवार शाम अंब-अंदौरा पहुंचेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन 1848 किलोमीटर की दूरी लगभग 32 घंटे 40 मिनट में तय करेगी। मार्ग में ट्रेन कुल 18 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों को लखनऊ, वाराणसी, पटना और कोलकाता जैसे बड़े शहरों तक सीधी पहुंच मिलेगी। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब और गंगासागर जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसान होगी। ट्रेन में एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, एसी 3 इकोनॉमी और स्लीपर श्रेणियों की सुविधा उपलब्ध है। इस नई रेल सेवा से हिमाचल प्रदेश के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Source: Source