महेंद्रगढ़ में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक बड़े नशा तस्करी मामले का खुलासा किया है। सीआईए और कनीना पुलिस की टीम ने एक कार से 9 किलो 33 ग्राम गांजा बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाघोत-सेहलंग मार्ग पर नाकाबंदी की थी। सूचना थी कि सेहलंग निवासी अनिल अपनी कार में नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। हालांकि चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, जिसके दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में आरोपी घायल हो गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कनीना भेजा। बाद में डीएसपी की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। जांच के दौरान डिग्गी में लगे गैस सिलेंडर के अंदर से आठ पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 9 किलो 33 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source: Source