पंचकूला में पर्ल ग्रुप (पीजीएफ/पीएसीएल) से जुड़ी अटैच की गई जमीन के कथित अवैध सौदे मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुररानी के तत्कालीन तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी समेत पांच लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप में FIR दर्ज की गई है। तहसीलदार विक्रम सिंगला पर यह तीसरी FIR बताई जा रही है और वे पहले भी जेल में रह चुके हैं। आरोप है कि पर्ल ग्रुप की संपत्तियां सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत निवेशकों का पैसा लौटाने के लिए अटैच की गई थीं और इन पर किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री या म्यूटेशन पर रोक थी। इसके बावजूद रायपुररानी क्षेत्र की 17.55 एकड़ जमीन का कथित रूप से सौदा किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित राजस्व अधिकारियों को जमीन पर लगी रोक और अटैचमेंट की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद उन्होंने पद का दुरुपयोग कर रिकॉर्ड में बदलाव किया और जमीन को मुक्त दिखाने की प्रक्रिया पूरी की। इस मामले में मिलीभगत और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं। एसीबी ने मामले की जांच तेज कर दी है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
Source: Source