लुधियाना रेलवे स्टेशन के पास स्थित हरीश वाइन ठेके पर मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुछ युवक शराब खरीदने पहुंचे और भुगतान के लिए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का फर्जी मैसेज दिखाने लगे। जब ठेका कर्मचारियों ने भुगतान की पुष्टि नहीं होने पर दोबारा पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवकों ने अपने 4 से 5 साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे समूह ने सेल्समैन और स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकियां दीं। पीड़ित कर्मचारी बलदेव सिंह ने पुलिस को शिकायत दी, जो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी हैं। शिकायत में बताया गया कि आरोपी फर्जी स्कैनर और मैसेज के जरिए शराब लेने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है। घटना के बाद डिवीजन नंबर-1 थाना पुलिस ने 7-8 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। यह मामला इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता का विषय बन गया है।
Source: Source