मोहाली के ज़ीरकपुर के नगला क्षेत्र में संदिग्ध मांस से भरे ट्रक को लेकर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने सूचना के आधार पर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। संगठन का दावा है कि ट्रक में बड़ी मात्रा में मांस पाया गया, जिसे उन्होंने गोमांस होने की आशंका जताई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने मामले की गंभीर जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रक जालंधर से ज़ीरकपुर आया था। पुलिस ने मांस के सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच और पशुपालन विभाग को भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मांस किस पशु का है। पुलिस ट्रक चालक और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Source: Source