छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देशी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की सीलबंद शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिलने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने तांदुला डैम के पास स्थित दुकान से यह पौवा खरीदा था। बोतल खोलने पर उसमें कांच के छोटे-छोटे टुकड़े दिखाई दिए, जिसके बाद उसने दुकान पर शिकायत भी दर्ज कराई। मामले का वीडियो कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सरकार और आबकारी विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में शराब व्यवस्था लापरवाही का शिकार है और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। वहीं आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जाएगा कि गड़बड़ी सप्लाई स्तर पर हुई या वेयरहाउस में। जरूरत पड़ने पर संबंधित ब्रांड की सप्लाई पर रोक भी लगाई जा सकती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source