पानीपत के नूरवाला कुटानी रोड पर विदेश से आयातित वेस्ट कपड़े से लदा ओवरलोड ट्रक हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया। ट्रक के गोदाम वाली गली में मुड़ते ही वह 11,000 वोल्ट की तारों से टच हो गया, जिससे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और ट्रक का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने को भागने लगे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, जब तक आग पर काबू पाना मुश्किल हो चुका था। फॉर्म टेंडर और कई दमकल गाड़ियों के प्रयास से आग पर बाद में काबू पाया गया। हादसे में लाखों रुपए का आयातित माल और ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया है। पुलिस और बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक के ओवरलोड होने को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Source: Source