होशियारपुर जिले के मुकेरियां हलके के गांव खड़क ब्ला में देर रात सड़क किनारे तेंदुआ देखे जाने की खबर से इलाके में दहशत फैल गई है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। वीडियो में एक व्यक्ति को रात के समय सड़क किनारे बैठे तेंदुए की रिकॉर्डिंग करते हुए देखा जा सकता है, जबकि वह आसपास के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दे रहा है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ मुकेरियां-हाजीपुर रोड के पास देखा गया था। हालांकि, वीडियो की तारीख और प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों ने क्षेत्र में रात के समय आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन से भी इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की जा रही है। लोगों में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Source: Source