चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शहर में स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर-48 स्थित GMCH-48 साउथ कैंपस का दौरा कर नई ओपीडी और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि आयुष्मान, होम्योपैथी और जल्द ही पंचकर्मा सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। प्रशासक ने अस्पताल की विभिन्न ओपीडी और उपचार सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और परिजनों से बातचीत कर सेवाओं पर फीडबैक भी लिया। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-47 और सेक्टर-45 के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। मलोया स्थित सरकारी स्कूल में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 25 नए कमरों के निर्माण को मंजूरी दी गई। शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासक ने डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड का भी दौरा किया और पौधारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मानसून से पहले भूमि समतलीकरण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण में सुधार उनकी प्राथमिकता है।
Source: Source