छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 और 1800-233-3300 के साथ-साथ वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायत दर्ज होने पर आवेदक को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जिसके जरिए वह अपनी शिकायत की स्थिति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। नई व्यवस्था में शिकायतों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से फीडबैक भी लिया जाएगा। इस प्रणाली का उद्देश्य प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सक्रिय बनाना है। निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। इससे लंबित शिकायतों की समस्या कम होने की उम्मीद है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को भी इस प्रणाली से जोड़ा जाएगा ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Source: Source