चंडीगढ़ के 22 पुराने गांवों में लाल डोरा और फिरनी क्षेत्र से बाहर रहने वाले हजारों परिवारों के लिए अस्थायी पानी कनेक्शन की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में मेयर सौरभ जोशी ने यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर प्रस्ताव को मंजूरी देने की अपील की है। यह मुद्दा 25 मार्च 2025 को नगर निगम की 347वीं जनरल हाउस बैठक में विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया था। नगर निगम ने पात्र निवासियों को अस्थायी आधार पर पानी कनेक्शन देने का प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए प्रशासन को भेजा था। मेयर ने कहा कि सुरक्षित पेयजल हर नागरिक की बुनियादी आवश्यकता है और कई परिवार अभी भी वैध जल कनेक्शन से वंचित हैं। इसके कारण लोग वैकल्पिक और कई बार असुरक्षित जल स्रोतों पर निर्भर हैं। इससे स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि यह कनेक्शन अस्थायी होंगे और इससे किसी प्रकार का मालिकाना हक नहीं मिलेगा। लाभार्थियों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम कनेक्शन काटने का अधिकार रखेगा। यह मुद्दा अब प्रशासनिक मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
Source: Source