छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के गंगानगर इलाके में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। दुर्गा धर्मकांटा के पीछे बिजली खंभे के नीचे कुछ लोग ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे थे। पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद रेड की गई। मौके से सात जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अबुज सिंह, शैलेन्द्र चौधरी, शरद साहू, मंगल साहू, सुमन आडिल, संदीप नागवंशी और कुनाल मेश्राम शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए की फड़ से कुल 65,300 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की बोरी और एक सफेद कपड़ा भी जब्त किया गया। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि जुआरियों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह गिरोह अन्य वारदातों में भी शामिल है।
Source: Source