फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बाहर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसका असर खाद्य पदार्थों और दैनिक वस्तुओं पर पड़ रहा है। इनेलो नेताओं ने कहा कि गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग इस महंगाई की मार झेल रहा है। सरकार राहत देने में विफल रही है। प्रदर्शन के बाद डीसी (उपायुक्त) के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। इनेलो ने चेतावनी दी कि अगर कीमतों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रभारी देवेन्द्र चौहान, जिला अध्यक्ष रूपचंद लांबा और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source: Source