रायगढ़ जिले में पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में बेचने की फिराक में था। यह मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है, जहां मुखबिर से सूचना मिली कि मरीन ड्राइव स्थित रोजगार कार्यालय के पास एक युवक बिक्री के इरादे से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर बैठा है। पुलिस टीम ने तुरंत पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मनीष डंडरिया (22 वर्ष), निवासी किरोड़ीमल नगर, आजाद चौक, रायगढ़ बताया। उसकी तलाशी लेने पर प्लास्टिक के थैले से 98 नग NRX Pentazocine Lactate Injection I.P. (Zoxifix) जैसे प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह ये इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से लाया था। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर लिए और आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों और इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
Source: Source