हिमाचल प्रदेश के रामपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है। मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी। यह प्रक्रिया पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (ब्वॉयज स्कूल) के सभागार भवन की दूसरी मंजिल पर आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परिणाम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना केंद्र में 14 टेबल लगाई गई हैं, और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी और वेबकास्टिंग से मॉनिटर की जाएगी। स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे को ‘नो एंट्री’ जोन घोषित कर दिया गया है, जहां केवल पासधारियों को ही प्रवेश मिलेगा। मुख्य बिजली गुल होने पर पावर बैकअप की व्यवस्था भी की गई है। एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। सभी काउंटिंग स्टाफ को पहले ही गहन प्रशिक्षण दे दिया गया है।
Source: Source