कोरबा जिले में खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश पर 29 मई को जिले की 18 उर्वरक दुकानों का अचानक निरीक्षण किया गया। जांच में 6 दुकानों में रजिस्टर, रेट लिस्ट और बिलिंग में गड़बड़ी मिली, जिन्हें नोटिस जारी किया गया। पाली ब्लॉक के सिरली स्थित सिद्धि विनायक ट्रेड्स से अवैध रूप से भंडारित 56 बोरी यूरिया जब्त की गई और उस दुकान पर तत्काल बिक्री प्रतिबंध लगा दिया गया। 1 अप्रैल से अब तक जिले की कुल 115 दुकानों की जांच हो चुकी है, जिसमें 28 को नोटिस और 5 पर 21 दिन का प्रतिबंध लगा है। प्रशासन ने किसानों से पक्का बिल लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूलने या बिल न देने पर शिकायत की जा सकती है। कलेक्टर ने कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
Source: Source