हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा उपमंडल की करनाल कॉलोनी में दिनदहाड़े तीन नकाबपोश बदमाशों ने 70 वर्षीय विधा देवी को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बुजुर्ग महिला अपने घर के बरामदे में बैठी थीं, तभी बदमाश अंदर घुस आए। एक ने उनका मुंह दबाया, दूसरे ने पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने उनके कानों के सोने के झुमके और बाएं हाथ की अंगूठी निकाल ली। विरोध करने पर पिस्तौल की बट से महिला के हाथ पर हमला किया गया। महिला की चीख सुनकर बहू रेखा और पोती चाहत बाहर आईं, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी पिस्तौल तान दी। डरकर दोनों ने अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। बदमाशों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज हुआ। पुलिस ने BNS की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है और CCTV फुटेज खंगाल रही है।
Source: Source